घर में खेल रहे 8 वर्षीय मासूम को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
श्रावस्ती के दत्तनगर गांव की घटना, परिवार में मचा कोहराम, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घर में खेल रहे 8 वर्षीय मासूम को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
अहमद हुसैन उप संपादक उजाला हिंद समाचार डिजिटल बहराइच
श्रावस्ती के दत्तनगर गांव की घटना, परिवार में मचा कोहराम, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
श्रावस्ती। जनपद के कोतवाली भिनगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर देवमन के मजरा दत्तनगर गांव में रविवार सुबह जहरीले सांप के काटने से आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दत्तनगर निवासी छोटकऊ का आठ वर्षीय पुत्र विकास रविवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास निर्माणाधीन मकान के निकट खेल रहा था। इसी दौरान उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों के मुताबिक विकास रोता हुआ घर पहुंचा और बताया कि उसे सांप ने काट लिया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां सांप दिखाई दिया, लेकिन लोगों की आहट पाकर वह पास के बिल में घुस गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिनगा लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस घर ले आए। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
मृतक के पिता छोटकऊ मुंबई में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। विकास छह भाई-बहनों में मंझला था, जबकि सबसे बड़ा बेटा पिता के साथ मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।




