अयोध्या-गोंडा हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7 बजे बस्ती-अयोध्या-गोंडा हाईवे पर नए सरयू पुल के पास महेशपुर गांव के निकट दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

अयोध्या-गोंडा हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल
रिपोर्ट समीर खान
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7 बजे बस्ती-अयोध्या-गोंडा हाईवे पर नए सरयू पुल के पास महेशपुर गांव के निकट दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी 28 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है। वहीं, 26 वर्षीय रवि कनौजिया गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों युवक अयोध्या में मजदूरी करते थे और काम पर जा रहे थे।
हादसे के बाद समाजसेवी रितेश मिश्रा ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। रवि कनौजिया का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़कर नवाबगंज पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।