Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

कृषकों की आय बढ़ाने को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारम्भ

बहराइच ब्यूरो 23 सितंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित 5, कालीदास मार्ग पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारम्भ किया।

कृषकों की आय बढ़ाने को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारम्भ

 

 

बहराइच ब्यूरो 23 सितंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित 5, कालीदास मार्ग पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप तथा उत्तर प्रदेश को-आपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप यूपीसीडीसी की भी लॉन्चिंग की गई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का कृषि विज्ञान केन्द्र, बहराइच के सभागार में सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के अधिकारियों, सहकारी समितियों के पदाधिकारियों एवं कृषकों ने देखा और सुना। कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महसी विधायक सुरेश्वर सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, बहराइच के सभापति जितेन्द्र त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता देवेन्द्र कुमार सिंह सहित सहकारी समितियों एवं संस्थाओं के सभापति, संचालक, सहकारिता से जुड़े कृषक तथा अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमान्त कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता तथा आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत पात्र कृषकों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किश्तें जमा करने वाले पात्र कृषकों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। योजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा आगामी पांच वर्षों में लगभग पांच लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत कृषि कार्यों के साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों तथा आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। समारोह में प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारम्भ किया गया। बताया गया कि भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफार्म है, जिसमें ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के तहत चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही चालकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, बहराइच की ओर से उपस्थित कुछ कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत फसली ऋण के चेक भी वितरित किए गए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहकारी समितियों के सचिवों तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र कृषकों को योजना से जोड़ने में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन योजनाओं एवं पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!