संपूर्ण समाधान दिवस में 10 शिकायतें प्राप्त, एक का मौके पर निस्तारण
कोटेदारों को 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश की घोषणा का दिखाया गया सजीव प्रसारण कोटेदारों में दिखी खुशी

संपूर्ण समाधान दिवस में 10 शिकायतें प्राप्त, एक का मौके पर निस्तारण
कोटेदारों को 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश की घोषणा का दिखाया गया सजीव प्रसारण कोटेदारों में दिखी खुशी
मिहींपुरवा (मोतीपुर), बहराइच। तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं अधिकारियों ने सुनीं। इस दौरान कुल 10 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक प्रार्थना पत्र का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए गुणवत्ता के साथ त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं को पूर्व में दिए जा रहे 90 रुपये प्रति कुंतल लाभांश को बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा का प्रसारण अधिकारियों एवं कोटेदारों ने देखा और सुना। लाभांश में वृद्धि की घोषणा पर उपस्थित कोटेदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर), क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रत्येक प्रार्थना पत्र का नियमानुसार निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और फरियादियों को समय से राहत प्रदान की जाए।




