चरदा सीएचसी में महीनों से खराब पड़े दो आरओ, मरीजों को शुद्ध पेयजल का इंतजार
बहराइच ब्यूरो 30 सितंबर। चरदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए दो आरओ सिस्टम लंबे समय से खराब पड़े हैं।

चरदा सीएचसी में महीनों से खराब पड़े दो आरओ, मरीजों को शुद्ध पेयजल का इंतजार
बहराइच ब्यूरो 30 सितंबर। चरदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए दो आरओ सिस्टम लंबे समय से खराब पड़े हैं। कई महीनों से दोनों आरओ बंद होने के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके साथ मौजूद तीमारदारों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सीएचसी में प्रतिदिन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में शुद्ध पानी की सुविधा उपलब्ध न होना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आने वाले लोगों को कई घंटे अस्पताल परिसर में रहना पड़ता है। इस दौरान पेयजल की आवश्यकता सबसे अधिक होती है, लेकिन आरओ खराब होने के कारण उन्हें बाहर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों आरओ काफी समय से खराब हैं, बावजूद इसके उनकी मरम्मत कराने की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगाए गए उपकरणों का नियमित रखरखाव होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका लाभ मिल सके। वहीं आरओ के खराब रहने से अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल परिसर का निरीक्षण कराने, खराब पड़े दोनों आरओ की स्थिति की जांच कराने तथा उन्हें तत्काल ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आरओ की मरम्मत में समय लग रहा है तो तब तक अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी न हो।




