मतदाता सूची से वंचित पात्र लोगों के नाम जुड़वाने पर जोर, बीएलओ को घर-घर सत्यापन के निर्देश
बहराइच ब्यूरो 11 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 284-मटेरा के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों की बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम तहसील सदर सभागार में आयोजित किया गया

मतदाता सूची से वंचित पात्र लोगों के नाम जुड़वाने पर जोर, बीएलओ को घर-घर सत्यापन के निर्देश
बहराइच ब्यूरो 11 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 284-मटेरा के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों की बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम तहसील सदर सभागार में आयोजित किया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम मटेरा अमिता यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में तहसीलदार बहराइच, चकबंदी अधिकारी, एडीओ रिसिया सहित बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। एसडीएम अमिता यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। उन्होंने वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की निर्वाचक नामावलियों से मिलान कर उन मतदाताओं को चिह्नित करने को कहा, जिनके नाम पहले सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जांच की जाए और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने प्रत्येक बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य देते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान छूटे हुए तथा किसी त्रुटि के कारण मतदाता सूची से हटाए गए पात्र नागरिकों का भी घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो में सुधार लाने तथा 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अभियान को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने के लिए कहा गया। बैठक में यह भी बताया गया कि रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों और आश्रयहीन लोगों सहित मुख्यधारा से अलग रह रहे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो सके।




