थाना समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, समय से निस्तारण के दिए निर्देश
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 11 अक्टूबर। मोतीपुर थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, समय से निस्तारण के दिए निर्देश
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो
11 अक्टूबर। मोतीपुर थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम ने निर्देश दिया कि थाना समाधान दिवस में जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो सका है, उनमें राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित स्थल का निरीक्षण किया जाए। दोनों पक्षों की बात सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों में दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान कराने पर जोर दिया। एसडीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता को समझें और ऐसी प्रभावी कार्रवाई करें, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा। थाना समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा, तहसीलदार मिहींपुरवा, थानाध्यक्ष मोतीपुर समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




