62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा का 13वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न

62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा का 13वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न
जिला संवाददाता -मंजीत कुमार मिश्र
*श्रावस्ती/भिनगा*-62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा का 13वाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इन्द्राणी वर्मा रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा (पूर्व सांसद), वी. विक्रमन, उपमहानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी लखीमपुर खीरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल की प्राचार्या अनीता सक्सेना, संदीक्षा अध्यक्षा प्रेरणा शर्मा, 42वीं वाहिनी के कमांडेंट, 59वीं वाहिनी के कमांडेंट सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कार्मिकों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान 62वीं वाहिनी के जवानों, संदीक्षा सदस्यों एवं उनके बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ क्षेत्रक मुख्यालय, लखनऊ से आए जैज़ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने वाहिनी की 13 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि 62वीं वाहिनी ने सीमा सुरक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा, नागरिक कल्याण कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास एवं सहयोग में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी कार्मिकों से राष्ट्र सेवा, सीमा सुरक्षा एवं जनहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिक सहयोग के क्षेत्र में 62वीं वाहिनी द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, एसएसबी अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में ललेन्द्र रत्नाकर, द्वितीय कमान अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। तत्पश्चात सामूहिक भोज (बड़ा खाना) का आयोजन किया गया, जिसके साथ 62वीं वाहिनी का 13वाँ स्थापना दिवस समारोह सफलतापूर्वक एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




