नेपालगंज रोड तक रेल सेवा विस्तार की उल्टी गिनती शुरू, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
बहराइच ब्यूरो 30 अगस्त। बहराइच जिले के लिए 31 अगस्त का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन, रूपईडीहा से नवनिर्मित एवं विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों के संचालन के विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा

नेपालगंज रोड तक रेल सेवा विस्तार की उल्टी गिनती शुरू, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
बहराइच ब्यूरो 30 अगस्त।
बहराइच जिले के लिए 31 अगस्त का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन, रूपईडीहा से नवनिर्मित एवं विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों के संचालन के विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने शनिवार को विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद सहित संबंधित अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन रूपईडीहा, जनसभा स्थल, हेलीपैड एवं पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्म की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, जनसभा स्थल तथा अन्य जनसुविधाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि उद्घाटन समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा प्रत्येक व्यवस्था की स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा। वहीं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रेलवे स्टेशन एवं कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वीआईपी मूवमेंट, आमजन के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती और अन्य सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बताया गया कि 31 अगस्त को बहराइच से नेपालगंज रोड तक रेल सेवा विस्तार के साथ वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14213/14, वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15131/32 तथा गोंडा-बहराइच के बीच संचालित डेमू ट्रेन गाड़ी संख्या 75109/10 एवं 75111/75112 का नेपालगंज रोड तक विस्तार किया जाएगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को रेल आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है और बहराइच-रूपईडीहा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए जनसभा स्थल, हेलीपैड एवं पार्किंग स्थल पर भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान रेलवे, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भारत सरकार अश्विनी वैष्णव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस महत्वपूर्ण रेल सेवा विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा। नेपालगंज रोड तक ब्रॉडगेज रेल सेवा पहुंचने से सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र के व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




