विधि शब्दावली प्रतियोगिता में अधिवक्ताओं व न्यायिक अधिकारियों ने लिया हिस्सा
बहराइच 16 सितंबर। हिंदी विधि प्रतिष्ठान उत्तर प्रदेश, जनपद बहराइच की ओर से हिंदी विधि सप्ताह के तीसरे दिन अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों की विधि शब्दावली प्रतियोगिता आयोजित की गई

विधि शब्दावली प्रतियोगिता में अधिवक्ताओं व न्यायिक अधिकारियों ने लिया हिस्सा
बहराइच 16 सितंबर। हिंदी विधि प्रतिष्ठान उत्तर प्रदेश, जनपद बहराइच की ओर से हिंदी विधि सप्ताह के तीसरे दिन अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों की विधि शब्दावली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विधिक क्षेत्र में प्रयोग होने वाले क्लिष्ट अंग्रेजी शब्दों का हिंदी में रूपांतरण किया गया, जिसमें चार दर्जन से अधिक अधिवक्ताओं तथा एक दर्जन से अधिक न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता करीब एक घंटे तक चली। कार्यक्रम का आयोजन प्रतिष्ठान के सचिव एवं अपर जनपद न्यायाधीश जलाल अकबर ने कराया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश राजेश सिंह ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि बहराइच का न्यायिक परिवार प्रदेश में बेहतर ढंग से हिंदी सप्ताह का आयोजन करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। मजिस्ट्रेट रूपाली तिवारी ने कहा कि भाषा चाहे टूटी-फूटी ही क्यों न हो, अपनी भाषा में अपनत्व का भाव होता है। जनपद अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने स्वामी विवेकानंद से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए भाषा के प्रति समर्पण की भावना पर प्रकाश डाला। पूर्व बार अध्यक्ष रामनारायण मिश्र ने बहादुर शाह जफर की पंक्तियां ‘‘हिंदियों में बू रहेगी जब तलक ईमान की, तख्त-ए-लंदन तक चलेगी तेग हिंदुस्तान की’’ सुनाकर हिंदी के प्रति गौरव की भावना व्यक्त की। अधिवक्ता विमलेंद्र शुक्ला ने हिंदी भाषा के संवर्धन पर गीत प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिंदी को हमें अपनी मां जैसा प्यार देना चाहिए। अधिवक्ता काशीनाथ शुक्ला ने हिंदी के विकास में फिल्म जगत, साहित्य लेखन, गांवों में होने वाली नौटंकी, सफेरा सहित विभिन्न लोक कार्यक्रमों के योगदान पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन अनूप श्रीवास्तव ने किया, जबकि व्यवस्था अधिवक्ता विजय यादव एवं रमन सिंह ने संभाली। संस्थान के अध्यक्ष राम छबीले शुक्ला ने सभागार में मौजूद सभी लोगों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि 17 सितंबर को तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की श्रुतलेख प्रतियोगिता आयोजित होगी तथा निबंध भी जमा किए जाएंगे। कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश पवन शर्मा, राकेश सिंह, अरविंद गौतम, रामजी बचपेयी, बाल कृष्ण मिश्रा बालू, मोहन मुरारी गौड़, शरद श्रीवास्तव, अपर शासकीय अधिवक्ता राजेंद्र अवस्थी, नीलू पाण्डेय, स्वदेश सिंह, श्रीनिवास तिवारी, सुनील जायसवाल, ओंकार सिंह सहित बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी उपस्थित रहे। कर्मवीर सिंह महामंत्री ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।




