डिवाइन पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को ठगी से बचाव के बताए उपाय
बहराइच, 21 अगस्त। राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डिवाइन पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डिवाइन पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को ठगी से बचाव के बताए उपाय
बहराइच, 21 अगस्त। राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डिवाइन पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम क्षेत्राधिकारी पयागपुर श्रीमती हर्षिता तिवारी की अध्यक्षता में साइबर क्राइम पुलिस थाना बहराइच द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी के निर्देशन में हुआ। इस दौरान क्षेत्राधिकारी पयागपुर ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, ATM/डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, UPI, मोबाइल बैंकिंग तथा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड का प्रयोग, पासवर्ड एवं अन्य निजी जानकारियों को सुरक्षित रखने तथा ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में फर्जी कॉल, संदिग्ध मैसेज, ई-मेल, लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बताया गया कि साइबर अपराध या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।




