उत्तर प्रदेश

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाले दो शातिर समेत चार गिरफ्तार, 7.795 किलो गांजा व तमंचा बरामद

बहराइच ब्यूरो 02 अक्टूबर। थाना हरदी पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने और एनकाउंटर का भय दिखाकर धन उगाही करने वाले दो शातिर आरोपियों सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाले दो शातिर समेत चार गिरफ्तार, 7.795 किलो गांजा व तमंचा बरामद

 

 

बहराइच ब्यूरो 02 अक्टूबर। थाना हरदी पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने और एनकाउंटर का भय दिखाकर धन उगाही करने वाले दो शातिर आरोपियों सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 किलो 795 ग्राम अवैध गांजा, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 8270 रुपये नकद, छह एंड्रायड मोबाइल फोन, उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक की वर्दी, पी-कैप, पुलिस बैज, दो फर्जी नंबर प्लेट तथा लाल-नीली बत्ती लगी रेनॉल्ट ट्राइबर कार बरामद की है। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष हरदी आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 02 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन संख्या UP32 BG6267 पर लाल-नीली बत्ती लगी है और वाहन को उपनिरीक्षक की वर्दी पहना एक संदिग्ध व्यक्ति चला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सिंगिया नसीरपुर गांव के पास सिकंदरपुर जाने वाले बंधे पर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। वाहन में वर्दीधारी चालक समेत चार व्यक्ति सवार मिले। पुलिस द्वारा वर्दीधारी व्यक्ति से परिचय पत्र एवं वाहन के वैध अभिलेख मांगे जाने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली। वाहन में पीछे बैठे दो व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें राजी चौराहे से असलहा दिखाकर जबरन वाहन में बैठाया गया है और जेल भेजने तथा एनकाउंटर करने की धमकी देकर रुपये मांगे जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन एवं आरोपियों के कब्जे से 2.200 किलो गांजा तथा अन्य स्थानों से बरामद गांजे को मिलाकर कुल 7 किलो 795 ग्राम अवैध गांजा, तमंचा-कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, पुलिस की वर्दी एवं अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में वर्दीधारी आरोपी ने अपना नाम समर बहादुर सिंह निवासी सुल्तानपुर, हाल पता लखनऊ बताया। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 1997 में 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में भर्ती हुआ था और वर्ष 2019 में 35वीं वाहिनी लखनऊ में नियुक्ति के दौरान लड़ाई-झगड़े एवं नियम विरुद्ध आचरण के चलते जबरिया सेवानिवृत्त किया गया था। दूसरे आरोपी श्रीप्रकाश द्विवेदी उर्फ प्रकाश दूबे को पुलिस ने वर्ष 2006 बैच का बर्खास्त सिपाही बताया है। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी का भेष धारण कर दुकानदारों एवं अन्य लोगों को गांजा रखने या बेचने के आरोप में जेल भेजने का भय दिखाकर धन उगाही करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपियों को जानकारी मिली थी कि राजी चौराहे पर पान-परचून की दुकानों पर गांजा मिली सिगरेट बेची जाती है। इसी आधार पर दोनों दुकानदारों को वाहन में बैठाकर उनसे धन उगाही का प्रयास किया जा रहा था। वहीं वाहन में मौजूद मूले अवस्थी उर्फ अवधेश अवस्थी एवं विरेन्द्र उर्फ छोटू ने पूछताछ में अपने-अपने दुकानों पर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की बात बताई। पुलिस ने मूले अवस्थी के कब्जे से 51 ग्राम तथा उसकी निशानदेही पर 3 किलो 280 ग्राम गांजा और विरेन्द्र उर्फ छोटू के कब्जे से 94 ग्राम तथा उसकी निशानदेही पर 2 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद किया। इस प्रकार कुल 7 किलो 795 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना हरदी में मु0अ0सं0 340/2026 के तहत धारा 115(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 140(2), 3(5), 204, 205 बीएनएस, 8/20 एनडीपीएस एक्ट, 3/25 आर्म्स एक्ट तथा 207 एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय रवाना किया। गिरफ्तार आरोपियों में समर बहादुर सिंह पुत्र राजकरन सिंह निवासी पीपरी, जनपद सुल्तानपुर, हाल पता खरगापुर लखनऊ, श्रीप्रकाश द्विवेदी उर्फ प्रकाश दूबे पुत्र धीरज द्विवेदी निवासी जाल्हेपुर थाना गोल्हौरा जनपद सिद्धार्थनगर, मूले अवस्थी उर्फ अवधेश अवस्थी पुत्र नन्दू उर्फ नरेन्द्र नाथ अवस्थी निवासी महसी थाना हरदी तथा विरेन्द्र उर्फ छोटू पुत्र बेचन निवासी टेपरा महसी थाना हरदी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार श्रीप्रकाश द्विवेदी के विरुद्ध आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, अपहरण, डकैती, लूट, चोरी एवं धोखाधड़ी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। समर बहादुर सिंह के विरुद्ध बाराबंकी और लखनऊ में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मूले अवस्थी के विरुद्ध थाना हरदी में मारपीट एवं धमकी का मुकदमा तथा विरेन्द्र कुमार के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा पूर्व से दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक सिंह, उपनिरीक्षक श्याम सिंह यादव, उपनिरीक्षक जीतेन्द्र कुमार, कांस्टेबल गोबिन्द यादव, अक्षय ओझा, धर्मेन्द्र सिंह, सुनील राजभर, राकेश कुमार, अमित कुमार एवं रुपेन्द्र विश्वकर्मा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!