सीसीटीम को दिया गया प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण, हादसे में घायलों की मदद के बताए तरीके
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जीरो फेटेलिटी डे (ZFD) कार्यक्रम के तहत जनपद के थानों पर गठित सीसीटीम को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिए

सीसीटीम को दिया गया प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण, हादसे में घायलों की मदद के बताए तरीके
बहराइच ब्यूरो
20 सितंबर।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जीरो फेटेलिटी डे (ZFD) कार्यक्रम के तहत जनपद के थानों पर गठित सीसीटीम को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिए जाने के क्रम में पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह यादव के कुशल नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में जनपद की समस्त सीसीटीम के प्रभारी एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। SACTEM Foundation के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण में डॉ. जमील एवं टेक्नीशियन विवेक कुमार ने पुलिसकर्मियों को दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के बाद किए जाने वाले प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में दुर्घटनास्थल पर पहुंचते ही किए जाने वाले आवश्यक कार्य, घायल की जांच कर उसकी स्थिति जानना, कार्डियक अरेस्ट की पहचान एवं सीपीआर देने की प्रक्रिया, अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में प्राथमिक उपचार एवं टूर्निकेट लगाना, हड्डी टूटने पर प्राथमिक उपचार, जलने, बिजली का करंट लगने, तेजाब से जलने, दौरा अथवा मिर्गी पड़ने, ब्रेन स्ट्रोक, जहर या नशे की स्थिति, सांप के काटने तथा कुत्ते या अन्य जानवर के काटने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गले में कुछ फंसने से सांस अवरुद्ध होने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा गोल्डन आवर के महत्व के संबंध में भी पुलिसकर्मियों को जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात ने प्रशिक्षण में मौजूद पुलिसकर्मियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जागरूक करते हुए दुर्घटना के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।




